इंदौर संकेत प्रतिनिधि
इंदौर। शहर के व्यस्ततम लवकुश चौराहे पर निर्माणाधीन डबल डेकर फ्लाईओवर की दूसरी भुजा भी जल्द ही यातायात के लिए खोलने की तैयारी है। निर्माण एजेंसी और इंदौर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार मौसम अनुकूल रहा तो सितंबर के अंतिम पखवाड़े में दूसरी भुजा पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकती है।
सभी स्पान जोड़े जा चुके हैं
फ्लाईओवर की दूसरी भुजा के सभी स्पान जोड़े जा चुके हैं और कांक्रीट का काम भी पूरा हो गया है। फिलहाल आवश्यक क्योरिंग अवधि पूरी की जा रही है। इसके बाद डामरीकरण का काम किया जाएगा। फ्लाईओवर पर डामर की दो परतें बिछाई जाएंगी, जिसके बाद फिनिशिंग का काम पूरा कर यातायात शुरू करने की तैयारी है।
सर्विस रोड भी होगी बेहतर
फ्लाईओवर के साथ चौराहे के आसपास सर्विस रोड का निर्माण भी तेजी से जारी है। अधिकारियों का लक्ष्य सितंबर तक सर्विस रोड का काम पूरा करने का है। फ्लाईओवर पर लाइट पोल लगाने का काम पूरा हो चुका है। लवकुश फ्लाईओवर करीब 175 करोड़ रुपये की लागत से 1454 मीटर लंबा और छह लेन का बनाया जा रहा है। यह मेट्रो कॉरिडोर के ऊपर से गुजरता है और इसकी अधिकतम ऊंचाई करीब 23 मीटर है। परियोजना में 400-400 टन वजन के दो बड़े बो-स्ट्रिंग गर्डर भी लगाए गए हैं।
सिंहस्थ से पहले बड़ी राहत
लवकुश चौराहा इंदौर-उज्जैन मार्ग, सुपर कॉरिडोर, एमआर-10 और बाणगंगा क्षेत्र को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण जंक्शन है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। फ्लाईओवर की दोनों भुजाएं शुरू होने और नीचे की सर्विस रोड व्यवस्थित होने से आगामी सिंहस्थ 2028 की यातायात व्यवस्था को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि अंतिम तारीख मौसम और डामरीकरण सहित शेष तकनीकी कार्य पूरे होने पर ही तय होगी।





Total Users : 31442
Leave a comment