इंदौर। इंदौर जिला कांग्रेस में 10 साल बाद बड़ा संगठनात्मक बदलाव हुआ है। इंदौर ग्रामीण में 17 में से 15 ब्लॉक अध्यक्षों और 8 नगराध्यक्षों की नियुक्ति कर दी गई है। इन नियुक्तियों में जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े का प्रभाव साफ नजर आया है।
इंदौर जिला कांग्रेस में लंबे समय बाद बदलाव हुआ है। नए सिरे से इंदौर कांग्रेस संगठन को खड़ा करने के लिए अब इंदौर ग्रामीण में ब्लॉक अध्यक्ष और नगराध्यक्ष की नए सिरे से नियुक्ति हुई है। इसमें अधिकांश नए चेहरों को मौका दिया गया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े का इन नियुक्तियों में पूरी तरह से असर और दबदबा दिखा है। सभी नियुक्तियां उन्हीं की अनुशंसा पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने की हैं। वहीं आठ नगराध्यक्षों पर भी नियुक्ति हुई है। सांवेर में रफीक कालू, मांगलिया में ध्रुव अवस्थी, गौतमपुरा में देवकरण गुर्जर, हातोद में यशवंत राठौर, बेटमा में वीरेंद्र सिंह चौहान, देपालपुर में मजीत खान, मानपुर में महेश परमार और महूगांव में विवेक सकोरिया को नियुक्त किया गया है।
ब्लॉक अध्यक्ष में इन्हें मौका
देपालपुर के देपालपुर ब्लॉक में राजेश बड़वाया, गौतमपुरा में मोहन चौधरी, हातोद में सुरेश सिलोटिया, बड़ा बांगड़दा में कमल डाबी नियुक्त किए गए हैं। वहीं यहां बेटमा को होल्ड रखा गया है। डॉ. अंबेडकर नगर महू के मानपुर ब्लॉक में रामप्रसाद बारोड़, महू में अमित अग्रवाल, गवली पलासिया में जुनून धनावद, सिमरोल में राजेश पाटीदार, बड़गोंदा में नारायण सिंह पटेल और पिगडंबर में दौलत पटेल को नियुक्त किया गया है। सांवेर के सांवेर ब्लॉक में विक्रम चौधरी, खुड़ैल में अर्जुन पटेल, पालिया में राजेश चौहान, कछालिया में पवन पटवारी, मांगलिया में महेश पटेल को नियुक्त किया गया है। वहीं शिप्रा को होल्ड रखा गया है।
वहीं इन नियुक्तियों को लेकर महू विधानसभा में असंतोष भी सामने आया है। महू नगर अध्यक्ष पद पर अमित अग्रवाल की नियुक्ति पर नाराजगी है। इसके चलते कई कार्यकर्ताओं ने अपने इस्तीफे की पेशकश कर दी है। इसमें अलग-अलग वार्ड के कार्यकर्ता हैं। वहीं जिला अध्यक्ष ग्रामीण वानखेड़े सभी की बात सुनकर उन्हें मना रहे हैं और नियुक्ति की वजह बता रहे हैं।




Total Users : 31813
Leave a comment