दुकानदारों ने रोड जाम करने की कोशिश की, पुलिस ने संभाला मोर्चा; 8 से 10 गुमटियां भी हटाईं
इंदौर। शहर के प्रमुख और व्यस्ततम बाजारों में शामिल रानीपुरा क्षेत्र में सोमवार को नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हो गया। निगम की रिमूवल टीम भारी पुलिस बल के साथ दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान करीब 60 से 70 दुकानों के बाहर बने ओटले, अस्थायी पार्टिशन और अन्य निर्माणों को हटाया गया। इसके अलावा फुटपाथ और सड़क किनारे बनी करीब 8 से 10 गुमटियों पर भी कार्रवाई की गई।
रानीपुरा से संजय सेतु की ओर बढ़ी कार्रवाई
नगर निगम की टीम सोमवार को रानीपुरा क्षेत्र में जेसीबी और अन्य संसाधनों के साथ पहुंची। कार्रवाई का उद्देश्य दुकानों के बाहर सड़क और फुटपाथ तक किए गए अतिक्रमण को हटाना था। निगम की टीम ने दुकानों के सामने बने पक्के ओटले, लोहे के पार्टिशन और अन्य अस्थायी निर्माणों को हटाना शुरू किया।
बताया गया कि रानीपुरा से कार्रवाई आगे बढ़ते हुए संजय सेतु ब्रिज की ओर पहुंची। जैसे-जैसे निगम का अमला दुकानों के सामने बने निर्माणों को हटाता गया, वैसे-वैसे दुकानदारों का विरोध भी बढ़ता गया।
कार्रवाई के दौरान दुकानदारों और अधिकारियों में तीखी बहस
शुरुआत में कुछ दुकानदारों ने निगम की कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन बाद में मामला गरमा गया। दुकानदारों और निगम के अधिकारियों के बीच तीखी बहस और कहासुनी की स्थिति बन गई।
रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणे और कुछ दुकानदारों के बीच भी विवाद की स्थिति बनी। इसके बाद कई दुकानदार सड़क पर उतर आए और कार्रवाई के विरोध में नारेबाजी करने लगे। कुछ दुकानदारों ने बाजार बंद कराने तथा मुख्य मार्ग को जाम करने की कोशिश भी की।
दुकानदारों ने सड़क पर बैठकर जाम की कोशिश की
हंगामा बढ़ने के बाद कुछ दुकानदार सड़क पर बैठ गए। इससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन गई। दुकानदारों के सड़क पर आने के बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला और उन्हें सड़क से हटाकर किनारे किया।
मौके पर एसीपी विनोद दीक्षित और रूबिना मिजवानी सहित पुलिस अधिकारी अतिरिक्त बल के साथ पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया और यातायात को दोबारा सुचारू कराया गया। इसके बाद निगम की कार्रवाई आगे जारी रही।
तीन थानों का पुलिस बल रहा मौजूद
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। तुकोगंज, सेंट्रल कोतवाली और एमजी रोड थाना क्षेत्र का पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
निगम की टीम के साथ पुलिस बल की मौजूदगी के कारण अधिकारियों ने कार्रवाई जारी रखी और विरोध के बावजूद अतिक्रमण हटाने का काम पूरा किया।
निगम ने बताया—ट्रैफिक सुधार के लिए अभियान
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक रानीपुरा शहर के मध्य क्षेत्र में स्थित बेहद व्यस्त बाजार है। यहां दिनभर बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। दुकानों के बाहर ओटले, पार्टिशन और सामान रखे जाने के कारण सड़क और फुटपाथ की चौड़ाई कम हो रही थी, जिससे यातायात प्रभावित होने की शिकायतें मिल रही थीं।
भवन अधिकारी अंकेश बिरथरिया के अनुसार निगम और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई की गई। निगम का कहना है कि कार्रवाई से पहले क्षेत्र में मुनादी कराई गई थी और दुकानदारों को अपने स्तर पर अस्थायी निर्माण हटाने तथा दुकानों के बाहर सामान नहीं रखने की समझाइश दी गई थी।
फुटपाथ और सड़क को खाली कराने पर जोर
निगम अधिकारियों ने कहा कि दुकानों के बाहर बने लोहे और सीमेंट के पार्टिशन तथा ओटलों के कारण फुटपाथ और सड़क का हिस्सा घिर रहा था। इससे पैदल राहगीरों के साथ वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही थी।

निगम ने दुकानदारों को दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी है। अधिकारियों के मुताबिक यदि कार्रवाई के बाद फिर से सड़क या फुटपाथ पर निर्माण अथवा सामान रखकर अतिक्रमण किया गया तो दोबारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जेल रोड पर भी पहुंचा निगम का अमला
रानीपुरा में कार्रवाई के बाद नगर निगम की टीम जेल रोड क्षेत्र की ओर भी पहुंची। यहां भी दुकानों के बाहर किए गए अस्थायी निर्माण और अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई।
नगर निगम का कहना है कि शहर के प्रमुख बाजारों में यातायात और पैदल आवागमन को सुचारू बनाने के लिए अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रहेगा।
दुकानदारों के विरोध से गरमाया माहौल
रानीपुरा में हुई कार्रवाई के दौरान कुछ समय के लिए माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। एक तरफ निगम का अमला अतिक्रमण हटाने में जुटा था, वहीं दूसरी ओर दुकानदार कार्रवाई का विरोध कर रहे थे। सड़क जाम की कोशिश के बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
फिलहाल प्रशासन की ओर से दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि सार्वजनिक सड़क और फुटपाथ पर दोबारा अतिक्रमण नहीं किया जाए। निगम अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य बाजार में यातायात व्यवस्था को बेहतर करना और आम लोगों के लिए सड़क व फुटपाथ को सुगम बनाना है।




Total Users : 31515
Leave a comment