इंदौर। अवैध कॉलोनियों को लेकर प्रशासन एक साथ कई मोर्चों पर काम कर रहा है। जहां कॉलोनाइजरों को घेरा जा रहा है, वहीं लोगों को अवैध कॉलोनी में प्लॉट लेने से बचाने के लिए पोर्टल भी सार्वजनिक किया जा रहा है। यह पोर्टल जल्द ही आम जनता के लिए उपलब्ध होगा, जिसमें वे अपने वैध-अवैध कॉलोनियों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर कार्रवाई भी लगातार जारी है।
जिले में अवैध कॉलोनियों की भरमार है, लेकिन पिछले एक साल में अवैध कॉलोनियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी बीच कलेक्टर शिवम वर्मा के नेतृत्व में एक विशेष क्रॉप्स (CROPS) पोर्टल तैयार किया जा रहा है, जिसमें वैध कॉलोनियों की जानकारी उपलब्ध रहेगी। कलेक्टर वर्मा ने बताया कि अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से लोगों को धोखाधड़ी से बचाने के लिए जल्द ही क्रॉप्स पोर्टल शुरू किया जाएगा। प्रशासन जल्द ही इस पोर्टल का एक्सेस भी आम लोगों के लिए सार्वजनिक करेगा, जिससे कोई भी व्यक्ति प्लॉट खरीदने से पहले एक क्लिक में यह पता लगा सकेगा कि संबंधित कॉलोनी वैध है या अवैध।
प्रशासन का कहना है कि पोर्टल के माध्यम से लोग धोखाधड़ी से बच सकेंगे। जिला प्रशासन आम नागरिकों को पोर्टल का एक्सेस देने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए पोर्टल में आवश्यक तकनीकी बदलाव किए जा रहे हैं।






Total Users : 31485
Leave a comment