Home एक्टिव इंदौर स्टेशन पर चलती ट्रेन पकड़ने की कोशिश में युवक की मौत, ग्वालियर निवासी हर्ष गुप्ता हादसे का शिकार
एक्टिवताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरपुलिस विभाग

इंदौर स्टेशन पर चलती ट्रेन पकड़ने की कोशिश में युवक की मौत, ग्वालियर निवासी हर्ष गुप्ता हादसे का शिकार

प्लेटफॉर्म बदलने की जल्दबाजी पड़ी भारी, ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिरने से मौके पर मौत; जीआरपी कर रही जांच

इंदौर। इंदौर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में ग्वालियर के युवक की जान चली गई। प्लेटफॉर्म बदलकर दूसरी ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में युवक चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहा था, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच जा गिरा। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

रेलवे पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान हर्ष गुप्ता, निवासी सुनार मोहल्ला, ग्वालियर के रूप में हुई है। वह शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे ग्वालियर से आने वाली ओवरनाइट एक्सप्रेस से इंदौर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर उतरा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हर्ष को इंदौर से रतलाम जाना था। इसके लिए उसे प्लेटफॉर्म नंबर-1 से रवाना होने वाली डेमू ट्रेन पकड़नी थी। प्लेटफॉर्म बदलने के दौरान वह जल्दबाजी में चलती ट्रेन तक पहुंचा और उसी दौरान यह हादसा हो गया।

चलती ट्रेन पकड़ने के प्रयास में हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक ने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की, लेकिन उसका संतुलन बिगड़ गया। वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर पड़ा और गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

जीआरपी ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हादसे के पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके। पुलिस ने मृतक के इंदौर में रहने वाले परिजनों और ग्वालियर स्थित परिवार को भी घटना की सूचना दे दी है।

रेलवे पुलिस की अपील

रेलवे पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन छूटने की स्थिति में कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। अधिकारियों का कहना है कि कुछ मिनट बचाने की जल्दबाजी कई बार जानलेवा साबित हो सकती है। सुरक्षित यात्रा के लिए अगली ट्रेन का इंतजार करना ही सबसे बेहतर विकल्प है।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

031556
Total Users : 31556

Related Articles