Home ताज़ा ख़बर एयरबीएनबी हाउस में चल रही लेट-नाइट पार्टी पर पुलिस का छापा
ताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरपुलिस विभाग

एयरबीएनबी हाउस में चल रही लेट-नाइट पार्टी पर पुलिस का छापा

धारा 144 के उल्लंघन पर पांच आयोजकों के खिलाफ एफआईआर, 25-30 युवक-युवतियां मिलीं मौके पर

इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एयरबीएनबी (Airbnb) के माध्यम से किराए पर लिए गए एक मकान में चल रही लेट-नाइट पार्टी पर पुलिस ने छापामार कार्रवाई की। बिना प्रशासनिक अनुमति आयोजित इस पार्टी में बड़ी संख्या में युवक-युवतियां मौजूद मिले। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पार्टी तत्काल बंद कराई और धारा 144 के उल्लंघन के आरोप में पांच आयोजकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 27 जून की देर रात सूचना प्राप्त हुई थी कि तुलसी नगर क्षेत्र के एक मकान में तेज आवाज में डीजे और संगीत के साथ पार्टी आयोजित की जा रही है। सूचना मिलते ही एसीपी पराग सैनी के निर्देशन में लसूड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को मकान के अंदर करीब 25 से 30 युवक-युवतियां पार्टी करते हुए मिले। अधिकारियों ने तत्काल कार्यक्रम रुकवाया और सभी लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान पार्टी के आयोजकों की पहचान दुर्गेश राघव, प्रिंस प्रजापति, हर्षित राजानी, नीतू कुशवाह और आकांक्षा मरापे के रूप में हुई। पूछताछ में सामने आया कि पार्टी के आयोजन के लिए किसी भी सक्षम प्रशासनिक अधिकारी से अनुमति नहीं ली गई थी। वर्तमान में लागू धारा 144 के तहत इस तरह के आयोजन के लिए पूर्व अनुमति आवश्यक होने के बावजूद नियमों की अनदेखी की गई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि जिस मकान में पार्टी आयोजित की गई थी, उसे एयरबीएनबी के माध्यम से किराए पर लिया गया था। मकान उपलब्ध कराने वाले नमन पांडे से भी पूछताछ की गई। जांच में पता चला कि उन्होंने किरायेदारों की जानकारी स्थानीय थाना पुलिस को उपलब्ध नहीं कराई थी, जबकि सुरक्षा और सत्यापन की दृष्टि से यह आवश्यक प्रक्रिया मानी जाती है।

लसूड़िया थाना पुलिस ने पांचों आयोजकों के खिलाफ धारा 144 के उल्लंघन सहित संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और यदि जांच के दौरान अन्य नियमों के उल्लंघन या किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिना अनुमति आयोजित होने वाले सार्वजनिक कार्यक्रमों और लेट-नाइट पार्टियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

031550
Total Users : 31550

Related Articles