Home ताज़ा ख़बर ‘नितिन’ की ‘नवीन’ टीम के लिए प्रदेश संगठन ने भेजे दस से ज्यादा नेताओं के नाम
ताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरपुलिस विभागराजनीति

‘नितिन’ की ‘नवीन’ टीम के लिए प्रदेश संगठन ने भेजे दस से ज्यादा नेताओं के नाम

भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम के ऐलान पर प्रदेश भाजपा के कई नेताओं की निगाहें लगी हुई हैं। इनमें से अधिकांश पार्टी के सीनियर और अनुभवी नेता हैं। नई टीम का ऐलान अगले सप्ताह होने की संभावना है। प्रदेश संगठन ने अपनी ओर से करीब दस नामों की सूची राष्ट्रीय संगठन को दे दी है। माना जा रहा है कि इस बार चार से पांच प्रमुख पदों पर प्रदेश के नेताओं को मौका मिल सकता है। भाजपा मध्यप्रदेश में अपने संगठन का नेटवर्क सबसे मजबूत मानती है और संगठनात्मक कामों में प्रदेश अक्सर देश में सबसे आगे रहा है।

यही वजह है कि प्रदेश के नेताओं को राष्ट्रीय टीम में अधिक प्रतिनिधित्व मिलता रहा है। हालांकि अभी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में प्रदेश से जुड़े सौदान सिंह राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं तो पूर्व मंत्री ओम प्रकाश धुर्वे सचिव हैं। इसके अलावा लाल सिंह आर्य पार्टी के एससी मोर्चा के राष्ट्रीय प्रमुख की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

नवीन अध्यक्ष बनने के बाद जेपी नड्डा की पुरानी टीम के साथ ही काम कर रहे हैं। सूत्रों की मानें तो केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश संगठन से राष्ट्रीय कार्यकारिणी के लिए नाम मांगे थे। प्रदेश संगठन से दस नाम केंद्र को भेजे गए हैं। इन पर लंबे समय से मंथन चल रहा है। जिन नेताओं को राष्ट्रीय टीम में लिए जाने की चर्चा है, उनमें मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा, सांसद वीडी शर्मा, सांसद कविता पाटीदार, लता एलकर और लाल सिंह आर्य के नाम प्रमुख हैं। कैलाश विजयवर्गीय पूर्व में लंबे समय तक पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव का दायित्व निभा चुके हैं। वे प्रदेश की राजनीति करने के बजाय राष्ट्रीय स्तर की राजनीति में ज्यादा रुचि लेते हैं।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

031543
Total Users : 31543

Related Articles