Home ताज़ा ख़बर विदुर नगर कैफे हत्याकांड का खुलासा: 28 घंटे में सात आरोपी गिरफ्तार, दोस्त ने ही रची थी साजिश
ताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरपुलिस विभाग

विदुर नगर कैफे हत्याकांड का खुलासा: 28 घंटे में सात आरोपी गिरफ्तार, दोस्त ने ही रची थी साजिश

इंदौर। द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के विदुर नगर में हुए चर्चित क्रिश श्रीवास्तव हत्याकांड का पुलिस ने महज 28 घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। मामले में पुलिस ने हत्या की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने वाले सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पुराने विवाद के चलते इस हत्याकांड की सुनियोजित तरीके से योजना बनाई गई थी। जोन-4 के डीसीपी सुनील (लोकेश) मेहता ने प्रेस वार्ता में बताया कि 4 जून को हुई इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश मुख्य कारण रही। जांच के दौरान पता चला कि करीब 22 और 23 मई के बीच मृतक क्रिश श्रीवास्तव और आरोपी अनिकेत पाल के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद की जानकारी दोनों पक्षों के साझा मित्र आदर्श जोशी को भी थी।

पुलिस के अनुसार आदर्श जोशी ने दोनों के बीच हुई बातचीत और कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग अनिकेत पाल तक पहुंचाई, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया। जांच में यह भी सामने आया कि घटना वाले दिन आदर्श ने क्रिश को चाय पीने के बहाने मिलने के लिए बुलाया था। निर्धारित स्थान पर पहुंचने के बाद क्रिश को यह विश्वास था कि वह अपने दोस्त से मिलने आया है, लेकिन वहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपी मौजूद थे। पुलिस के मुताबिक अनिकेत पाल और उसके साथियों ने क्रिश पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल क्रिश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने इस मामले में आदर्श जोशी को भी आरोपी बनाया है। अधिकारियों का कहना है कि कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही रिकॉर्डिंग की प्रमाणिकता और उसे साक्ष्य के रूप में शामिल करने को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस के पास यह आधार है कि आदर्श के बुलावे पर ही मृतक घटनास्थल पर पहुंचा था।

डीसीपी मेहता ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। इनके खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न मामलों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या की पूरी साजिश, इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका और घटना के पीछे के सभी कारणों का पता लगाया जा सके।

बाइट – सुनील मेहता, डीसीपी जोन-4, इंदौर

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

024801
Total Users : 24801

Related Articles