मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां बदमाशों ने फिल्मों की तर्ज पर चलती ट्रक से लूट की वारदात को अंजाम दिया। इस सनसनीखेज घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर नेशनल हाईवे 752C पर एक ट्रक शुजालपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान बिना नंबर की दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने ट्रक का पीछा करना शुरू कर दिया। तिलावद और मैना गांव के बीच सुनसान इलाके में बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम दिया। एक बदमाश ने चलती बाइक से ट्रक के पिछले हिस्से पर छलांग लगा दी। इसके बाद उसने चाकू से रस्सियां काटीं और तिरपाल हटाकर ट्रक के अंदर घुस गया।
सिर्फ 2 मिनट में लूट पूरी
बदमाश ने महज दो मिनट के भीतर ट्रक में रखे दो कीमती बड़े बॉक्स सड़क पर फेंक दिए। इसके बाद वह खुद भी चलती ट्रक से कूद गया और पीछे आ रहे अपने साथियों के साथ बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गया।
राहगीरों ने बनाया वीडियो
पूरी वारदात के दौरान ट्रक के पीछे चल रहे अन्य वाहन चालकों ने इस खौफनाक मंजर को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। करीब साढ़े तीन मिनट के इस वीडियो में बदमाशों की निडरता साफ दिखाई दे रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
दिनदहाड़े व्यस्त हाईवे पर हुई इस घटना ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिना नंबर की बाइकों का इस्तेमाल और वारदात का तरीका यह संकेत देता है कि यह किसी पेशेवर गिरोह का काम हो सकता है। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।





Total Users : 17319
Leave a comment