
दो महीने से चल रहा था खेल, स्वीपर निकला मास्टरमाइंड
इंदौर। शहर के तुकोगंज थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक बिल्डिंग के कॉमन वॉशरूम में हिडन कैमरा लगाकर लोगों के निजी फोटो और वीडियो रिकॉर्ड किए जा रहे थे। घटना का खुलासा होते ही बिल्डिंग में रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला तुकोगंज थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी उसी बिल्डिंग में स्वीपर का काम करता था। उसने वॉशरूम के अंदर चालाकी से हिडन कैमरा फिट कर दिया था और वहां आने-जाने वाले लोगों के निजी वीडियो और फोटो रिकॉर्ड कर रहा था। कुछ समय बाद जब ये फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे, तो बिल्डिंग में रहने वाले लोग हैरान रह गए और मामले की पड़ताल शुरू की गई। जांच के दौरान लोगों का शक बिल्डिंग में काम करने वाले स्वीपर पर गया। इसके बाद उससे पूछताछ की गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी शुभम पुत्र सुनील वानखेड़े निवासी अमर टेकरी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने जंजीरवाला चौराहे स्थित एक बिल्डिंग के कॉमन वॉशरूम में कैमरा लगाया था। उसकी निशानदेही पर वॉशरूम से हिडन कैमरा भी जब्त कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी करीब दो महीने पहले ही इस बिल्डिंग में काम करने आया था और उसी दौरान उसने इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने इन वीडियो का कहीं और इस्तेमाल तो नहीं किया।






Total Users : 17325
Leave a comment