
शहर में ट्रक कटिंग गैंग, पुलिस सोती रही
शहर में पहली बार हाईवे पर सक्रिय ट्रक कटिंग गैंग ने बीच शहर में बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बदमाशों ने मालवा मिल चौराहे से राजकुमार ओवरब्रिज के बीच चलते लोडिंग वाहन की तिरपाल काटकर करीब 18 लाख रुपए के मोबाइल फोन चोरी कर लिए।
जानकारी के अनुसार, कुरियर सर्विस से जुड़े फरियादी चितरंजन शर्मा ने वीवो कंपनी के मोबाइल का कंसाइनमेंट श्री भवानी कार्गो के माध्यम से भोपाल भेजने के लिए लोडिंग वाहन (एमपी 09 डीएफ 3048) में रवाना किया था। वाहन चालक पंकज गोस्वामी रात करीब 10:20 बजे मालवा मिल चौराहे से राजकुमार ब्रिज की ओर जा रहा था, तभी बदमाशों ने सुनसान मौके का फायदा उठाकर चलते वाहन की तिरपाल काट दी और मोबाइल के बॉक्स नीचे गिरा दिए। इसके बाद पीछे चल रहे गिरोह के अन्य सदस्य बाइक से पहुंचे और सड़क पर गिरे मोबाइल बॉक्स उठाकर फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें बदमाशों की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं।

घटना की जानकारी एक राहगीर ने वाहन चालक को दी, जिसके बाद चालक और वाहन मालिक ने खुद ही इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। हैरानी की बात यह रही कि घटना के तुरंत बाद चालक मालवा मिल पुलिस चौकी पहुंचा, लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। पीड़ित लगातार 9 दिनों तक तुकोगंज थाने और पुलिस चौकी के चक्कर लगाता रहा, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई। अंततः परेशान होकर उसने वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की। इसके बाद एडिशनल डीसीपी जोन-3 रामस्नेही मिश्रा के हस्तक्षेप के बाद तुकोगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई।
एडिशनल डीसीपी रामस्नेही मिश्रा ने बताया कि मामले में लोडिंग वाहन से तिरपाल काटकर मोबाइल चोरी की घटना सामने आई है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। फिलहाल इस वारदात ने यह साफ कर दिया है कि ट्रक कटिंग गैंग अब हाईवे से निकलकर शहर के अंदर भी सक्रिय हो चुका है, जिससे व्यापारियों और ट्रांसपोर्टर्स में डर का माहौल है।






Total Users : 17324
Leave a comment