Home ताज़ा ख़बर “इंदौर में अपहरण और लूट का खुलासा”
ताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरपुलिस विभाग

“इंदौर में अपहरण और लूट का खुलासा”

इंदौर के तेजाजी नगर पुलिस ने बायपास पर हुई अपहरण और लूट की सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए पाँच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई हुंडई ओरा कार, लगभग 10 लाख रुपये एवं लूटा गया सामान बरामद किया है। पकड़े गए आरोपी पुराने अपराधी हैं, जिनके खिलाफ बाणगंगा, चंदननगर, एरोड्रम और हातोद जैसे अन्य थानों में भी लूट, मारपीट और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।

फरियादी तनिष्क बैरागी, निवासी संस्कृति पैराडाइज राऊ ने पुलिस को बताया कि 23 फरवरी को जब वह अपनी कार से घर जा रहे थे, तभी कैलोद फाटा बायपास रोड पर पीछे से आ रही हुंडई ओरा कार ने उनकी कार को टक्कर मार दी। जैसे ही तनिष्क नीचे उतरे, पीछे वाली कार से तीन बदमाश उतरे और उन्हें जबरन अपनी कार में खींच लिया। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और करीब आधे घंटे तक बायपास पर अपहरण कर घुमाते रहे। इस दौरान बदमाशों ने उनकी सोने की अंगूठी, ब्रेसलेट, घड़ी और महंगे चश्मे लूट लिए। छीना-झपटी में फरियादी की सोने की चेन भी वहीं गिर गई। वारदात के बाद आरोपी उन्हें मायाखेड़ी क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गए।घटना के बाद फरियादी तनिष्क ने तेजाजी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई ।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी देवेंद्र मरकाम के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र, साइबर सेल और सीसीटीवी फुटेज की मदद से घेराबंदी कर पाँचों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितेश, अर्जुन, सुक्सिन (निवासी बाणगंगा) और विजय व संजय (निवासी चंदननगर) के रूप में हुई है। पुलिस अब इनसे अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है ताकि शहर में हुई अनसुलझी लूट की घटनाओं का सुराग लगाया जा सके। एडिशनल डीसीपी दंडोतिया ने बताया कि पुलिस टीम ने तेजी से काम करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनसे अन्य मामलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

017324
Total Users : 17324

Related Articles