इंदौर में रहने वाली 24 वर्षीय MBA छात्रा ने अपनी सहेली के चचेरे भाई पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में आरोपी बाबूलाल पुत्र सुखलाल गुर्जर निवासी उदयपुर (राजस्थान) के खिलाफ दुष्कर्म और एससी/एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है।
शहर में शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म और बाद में जातिगत टिप्पणी कर शादी से इंकार करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं और एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक वर्ष 2021 में पीड़िता अपनी सहेली के साथ एक निजी कोचिंग संस्थान जाती थी। इसी दौरान उसकी पहचान सहेली के बड़े भाई बाबूलाल से हुई, जो अपनी बहन को कोचिंग लाने-ले जाने आता था। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और इंस्टाग्राम व व्हॉट्सऐप के जरिए संपर्क बढ़ा। 8 जुलाई 2021 से दोनों नियमित रूप से संपर्क में रहे और एक-दूसरे को पसंद करने की बात कही।पीड़िता का आरोप है कि 14 दिसंबर 2021 को इलाके के एक कैफे में मुलाकात के बाद आरोपी ने शादी की बात कही। जनवरी 2022 में व्यासनगर स्थित एक परिचित के घर बुलाकर शादी का वादा किया और शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह उसे शहर के एक होटल में कई बार ले गया और हर बार शादी का आश्वासन देता रहा। पीड़िता के अनुसार आरोपी बीच-बीच में गांव जाता था, लेकिन लौटकर दोबारा मिलने बुलाता और शादी का भरोसा देता। वर्ष 2024 में वह राजस्थान चला गया और धीरे-धीरे संपर्क कम कर दिया। बाद में मोबाइल बंद कर लिया। परिवार से पूछताछ करने पर भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली।कुछ समय बाद आरोपी फिर इंदौर आया और दोबारा शादी का वादा करते हुए संबंध बनाए। दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 तक वह श्रद्धा सबूरी कॉलोनी में किराए के मकान में पीड़िता के साथ रहा। 6 फरवरी को वह राजस्थान लौट गया और फिर से संपर्क खत्म कर दिया। पीड़िता 9 फरवरी को आरोपी के घर उदयपुर पहुंची। बातचीत के बाद 10 फरवरी को दोनों इंदौर लौटे। पीड़िता का आरोप है कि दशहरा मैदान में बातचीत के दौरान आरोपी ने शादी से साफ इंकार कर दिया और कहा कि यदि साथ रहना है तो बिना शादी के रहना होगा। आरोप है कि आरोपी ने जातिगत टिप्पणी करते हुए कहा कि वह अनुसूचित जाति की है, इसलिए उससे शादी नहीं कर सकता। साथ ही शादी का दबाव बनाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। घटना की जानकारी परिजनों को देने के बाद पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी की तलाश जारी है और गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।
एडिशनल डीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।





Total Users : 9674
Leave a comment