राऊ विधानसभा क्षेत्र में होंगे अमृत 2.0 के अंतर्गत विकास कार्य
इंदौर की विशेषताएं कि यहां के नागरिक जागरुक है और इंदौर से प्यार करते हैं- माननीय मंत्री
हमने संकल्प लिया और इंदौर के साथ ही नगरीय सीमा में सम्मिलित वार्ड का भी किया विकास- महापौर
इंदौर, दिनांक 23 नवंबर 2025। नगर निगम इंदौर द्वारा शहर के समग्र विकास, सीवरेज प्रणाली के सुदृढ़ीकरण तथा नागरिकों को मूलभूत अधोसंरचना सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत की जा रही है। इसी क्रम में आज अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र राऊ में लगभग 70 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विकास कार्यों का भूमि पूजन संपन्न हुआ।
भूमि पूजन कार्यक्रम में माननीय नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, माननीय महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव एवं माननीय विधायक श्री मधु वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष श्री सुमित मिश्रा, महापौर परिषद सदस्य श्री अभिषेक शर्मा ‘बबलू’, क्षेत्रीय पार्षदगण, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक गण उपस्थित थे।
माननीय नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कार्यक्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव की प्रशंसा करते हुए कहा कि—
“इंदौर की परंपरा हमेशा से गौरवशाली रही है। यहां के नागरिक बेहद जागरूक, कर्तव्यनिष्ठ और अपने शहर के प्रति समर्पित हैं। यही कारण है कि इंदौर स्वच्छता ही नहीं, बल्कि सभी विकास कार्यों में निरंतर अग्रणी रहता है। हमारे महापौर भी संवेदनशील, सरल और सक्रिय नेतृत्व प्रदान कर रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप शहर निरंतर प्रगति कर रहा है।”
महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि—
“हमारी परिषद ने संकल्प लिया था कि नगरीय क्षेत्र में सम्मिलित हुए 29 गांवों सहित संपूर्ण क्षेत्र में जलप्रदाय, सीवरेज लाइन तथा सड़क निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। आज उसी संकल्प को पूरा करते हुए करोड़ों के विकास कार्य प्रारंभ किए जा रहे हैं। इन सभी कार्यों के पीछे हमारे माननीय मंत्री जी का मार्गदर्शन और नेतृत्व रहा है, जो हमेशा अपने संकल्पों को पूर्ण करते हैं।”
अमृत 2.0 योजना अंतर्गत राऊ विधानसभा के सीवरेज विकास कार्य
पैकेज-03 : 53 करोड़ रुपये की लागत से सीवर लाइन एवं पंपिंग स्टेशन निर्माण
अमृत 2.0 योजना के पैकेज-03 के अंतर्गत विधानसभा राऊ के विभिन्न क्षेत्रों में राशि ₹53 करोड़ की लागत से निम्नलिखित कार्य प्रस्तावित हैं—
6 एमएलडी इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन का निर्माण
56 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाने का कार्य
250 मि.मी. से 900 मि.मी. व्यास की पाइपलाइन का उपयोग
वित्तीय एवं तकनीकी विवरण
वित्त पोषण : भारत सरकार, मध्यप्रदेश सरकार एवं नगर निगम
कार्य अवधि : 18 माह
निर्माण एजेंसी : मेसर्स जे.एम. रामानी जेवी विथ दर्शिल बिल्ड कॉन, सूरत
कंसल्टेंट : मेसर्स शाह टेक्निकल कंसल्टेंट प्रा. लि., मुंबई
लाभान्वित क्षेत्र
इस कार्य से लगभग 45,000 नागरिकों को लाभ मिलेगा। प्रमुख क्षेत्र—
बड़िया कीमा, बिचौली मर्दाना, टिगरिया राव, सहारा सिटी होम, संपत फार्म, संपत हिल्स, मानवता नगर, गोकुल नगर, भूरी टेकरी, बिचौली हप्सी, मयंक ब्लू वॉटर पार्क, अरावली परिसर, कैलिफोर्निया सिटी, गुलमर्ग परिसर, अग्रवाल पब्लिक स्कूल, संजना पार्क, शालीमार पाम्स, मिलन हाइट, गोल्फ लिंक, विमल श्री ग्रीन, यूएनओ बिजनेस पार्क रोड, श्रीजी वैली, श्रीजी हाइट, कॉस्मो सिटी, श्री शाम हाइट, खत्री खेड़ी, संपत एवेन्यू, कल्याण संपत एवेन्यू, अग्रवाल नगर, स्कीम 140, एक्सोटिका ग्रैंड, नोबल हॉस्पिटल, विद्या सागर स्कूल, प्रगति विहार, एनआर स्टेट एवं आसपास के अन्य क्षेत्र। इन क्षेत्रों में सीवरेज व्यवस्था सुधरने के साथ ही कान्ह नदी शुद्धिकरण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
पैकेज-04 : 17.35 करोड़ रुपये की लागत से सीवर लाइन बिछाने का कार्य
अमृत 2.0 योजना अंतर्गत पैकेज-04 के माध्यम से विधानसभा राऊ के अन्य क्षेत्रों में ₹17.35 करोड़ की लागत से निम्न कार्य किए जाएंगे—
27 किलोमीटर सीवर लाइन बिछाना
250 मि.मी. से 700 मि.मी. व्यास की पाइपलाइन का उपयोग
वित्तीय एवं तकनीकी विवरण
वित्त पोषण : भारत सरकार, राज्य सरकार एवं नगर निगम
कार्य अवधि : 15 माह
निर्माण एजेंसी : मेसर्स जीएसजे एन्वो–ईश्वर सिंह जेवी, नई दिल्ली
कंसल्टेंट : मेसर्स शाह टेक्निकल कंसल्टेंट प्रा. लि., मुंबई
लाभान्वित क्षेत्र
इस परियोजना से लगभग 19,000 रहवासियों को जल–मल निकासी से संबंधित समस्याओं से राहत मिलेगी। प्रमुख क्षेत्र—
सुख निवास, अहिरखेड़ी, कुंदन नगर, विदुर नगर, आकाश नगर, चित्रकूट नगर एवं आसपास के अन्य क्षेत्र।





Total Users : 9798
Leave a comment