एक सीरीज में दो दावेदार भिड़े तो 3.69 लाख पहुंची बोली, दूसरी में अकेला खरीदार और नंबर एक लाख में ही चला गया
इंदौर संकेत प्रतिनिधि
इंदौर। वीआईपी नंबरों की नीलामी में कई बार नंबर से ज्यादा उसकी डिमांड कीमत तय करती है। गुरुवार शाम खत्म हुई ऑनलाइन नीलामी में इसका सबसे दिलचस्प उदाहरण 0001 नंबर रहा। एक ही नंबर की दो अलग-अलग सीरीज में बोली का अंतर इतना रहा कि एक खरीदार ने 0001 के लिए 3.69 लाख रुपये खर्च किए, जबकि दूसरी सीरीज में यही नंबर सिर्फ एक लाख रुपये में मिल गया।
दोनों नंबरों की शुरुआती कीमत एक लाख रुपये थी। सबसे ज्यादा बोली एमपी-09 बीटी-0001 के लिए लगी। एक लाख रुपये की रिजर्व प्राइस से शुरू हुई इस बोली में दो आवेदक आमने-सामने आए। दोनों के बीच बढ़ती बोली ने नंबर की कीमत 3 लाख 69 हजार रुपये तक पहुंचा दी। यानी अंतिम कीमत बेस प्राइस से 2 लाख 69 हजार रुपये ज्यादा रही। यही नंबर इस नीलामी में सबसे महंगा साबित हुआ। इसके उलट एमपी-09 बीएक्स-0001 को लेकर खरीदारों में वैसी होड़ नजर नहीं आई। इसकी रिजर्व कीमत भी एक लाख रुपये थी, लेकिन नंबर के लिए सिर्फ एक आवेदक मैदान में था। दूसरे दावेदार के नहीं आने से बोली आगे नहीं बढ़ी और 0001 नंबर एक लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर ही आवंटित हो गया।
तीन दावेदार, फिर भी सिर्फ एक हजार की बढ़ोतरी
नीलामी के आंकड़ों में यह अंतर सिर्फ 0001 तक सीमित नहीं रहा। एमपी-09 बीएक्स-0909 इसका दूसरा उदाहरण बना। 15 हजार रुपये की बेस प्राइस वाले इस नंबर के लिए तीन आवेदकों ने रुचि दिखाई, लेकिन बोली केवल 16 हजार रुपये तक पहुंची। यानी तीन दावेदार होने के बावजूद कीमत में सिर्फ एक हजार रुपये का इजाफा हुआ। इसी तरह एमपी-09 बीएक्स-0005 के लिए दो आवेदक सामने आए और इसकी बोली 16,500 रुपये तक पहुंची।
दूसरी ओर कुछ खास माने जाने वाले नंबरों ने भी खरीदारों का ध्यान खींचा। एमपी-09 बीएक्स-1111 की बोली 1 लाख 500 रुपये तक गई, जबकि एमपी-09 बीएक्स-0009 के लिए 95 हजार रुपये और बीएक्स-0007 के लिए 91 हजार रुपये तक बोली लगी।
एमपी-09 बीटी-9999 भी पसंदीदा नंबरों की सूची में रहा। 25 हजार रुपये की शुरुआती कीमत वाले इस नंबर की अंतिम बोली 78 हजार रुपये तक पहुंची।





Total Users : 31442
Leave a comment