Home ताज़ा ख़बर इंदौर में महिला मजदूर से ठगी: 600 रुपये रोज़गार का झांसा देकर उतरवा लिए चांदी के कड़े
ताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरपुलिस विभाग

इंदौर में महिला मजदूर से ठगी: 600 रुपये रोज़गार का झांसा देकर उतरवा लिए चांदी के कड़े

इंदौर। शहर में एक महिला मजदूर के साथ ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। काम की तलाश में निकली महिला को 600 रुपये प्रतिदिन मजदूरी का लालच देकर एक बदमाश ने अपने झांसे में लिया और उसके पैरों में पहने चांदी के कड़े उतरवाकर फरार हो गया। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, चंदन नगर थाना क्षेत्र की रहने वाली 48 वर्षीय गुलाबबाई गेदेले मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा करती हैं। कुछ दिन पहले वह काम की तलाश में खजराना चौराहे पर खड़ी थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार एक युवक उनके पास पहुंचा और खुद को मजदूरों की व्यवस्था कराने वाला व्यक्ति बताया।

युवक ने महिला से कहा कि चंदन नगर इलाके में स्थित एक जैन मंदिर में निर्माण कार्य चल रहा है, जहां खाना बनाने के लिए महिला कर्मचारी की जरूरत है। साथ ही उसने प्रतिदिन 600 रुपये मजदूरी मिलने का भरोसा भी दिलाया। बेहतर काम मिलने की उम्मीद में महिला उसकी बातों में आ गई और बाइक पर बैठकर उसके साथ चल दी।

रास्ते में आरोपी महिला को एक मंदिर के पास ले गया और कहा कि मंदिर परिसर में प्रवेश करने से पहले धार्मिक नियमों के अनुसार पैरों में पहने धातु के आभूषण उतारना जरूरी है। आरोपी की बातों पर विश्वास करते हुए महिला ने अपने पैरों में पहने लगभग आधा किलो वजनी चांदी के कड़े उतार दिए।

आरोपी ने महिला से कहा कि वह कड़े सुरक्षित रख लेगा और अंदर जाकर काम की व्यवस्था कर देगा। जैसे ही महिला मंदिर की ओर बढ़ी, आरोपी चांदी के कड़े लेकर मौके से फरार हो गया। काफी देर इंतजार के बाद जब युवक वापस नहीं लौटा तो महिला को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद पीड़िता ने चंदन नगर थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपी की पहचान कर ली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने कुछ ही समय में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने महिला को मजदूरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गए चांदी के कड़े भी बरामद कर लिए हैं। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रोजगार या अन्य किसी लालच में आकर अनजान व्यक्तियों पर भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

Our Visitor

021174
Total Users : 21174

Related Articles