इंदौर में एक बार फिर मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। लसूड़िया थाना क्षेत्र में स्कीम नंबर 136 के पास मिले अधेड़ व्यक्ति के शव के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस हत्याकांड के पीछे कोई पुरानी दुश्मनी नहीं, बल्कि शराब पिलाने को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। पुलिस ने आरोपी प्रमोद वैद्य को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
17 अप्रैल की सुबह स्थानीय लोगों ने स्कीम नंबर 136 स्थित एक गार्डन के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। शव की पहचान कड़वा जी के रूप में हुई। मृतक के सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे साफ था कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है। सूचना मिलते ही लसूड़िया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज बना सबसे बड़ा सुराग
घटनास्थल के आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं होने के कारण पुलिस के सामने चुनौती थी। ऐसे में टीम ने घटनास्थल से पहले की लोकेशन खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान एमआर-10 स्थित एक शराब दुकान के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें एक युवक मृतक कड़वा जी को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाता हुआ दिखाई दिया। यही फुटेज इस केस का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रमोद वैद्य ने हत्या की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि 16 अप्रैल की रात शराब दुकान पर कड़वा जी ने उसे जबरन शराब पिलाने के लिए कहा, जिससे दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोपी ने इस बात को अपमान के रूप में लिया और बदला लेने की ठान ली।
सुनसान जगह ले जाकर की हत्या
आरोपी ने कड़वा जी को घर छोड़ने का झांसा देकर अपनी बाइक पर बैठाया और स्कीम नंबर 136 के सुनसान इलाके में ले गया। वहां उसने कंक्रीट के ब्लॉक (पत्थर) से कड़वा जी के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
पुलिस की कार्रवाई जारी
लसूड़िया पुलिस ने आरोपी प्रमोद वैद्य को गिरफ्तार कर लिया है और उसे रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना में कोई और व्यक्ति शामिल तो नहीं था। मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।





Total Users : 17322
Leave a comment