Home ताज़ा ख़बर 12 साल बाद भी सवाल वही, कब पूरी होगी सड़क
ताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरप्रशासनिकराजनीति

12 साल बाद भी सवाल वही, कब पूरी होगी सड़क

9 करोड़ का ठेका लेकर काम शुरू नहीं किया

इंदौर संकेत प्रतिनिधि

इंदौर। शहर की सबसे चर्चित और लंबे समय से अधूरी पड़ी सरवटे से गंगवाल सड़क का इंतजार 12 साल बाद भी खत्म नहीं हुआ है। सड़क के कई हिस्सों में अब तक निर्माण अधूरा पड़ा है। निगम ने अधूरे हिस्सों को पूरा करने के लिए कुछ महीने पहले दूसरे शहर की एक एजेंसी को करीब 9 करोड़ रुपए में ठेका दिया था, लेकिन कई नोटिस के बावजूद एजेंसी ने काम शुरू नहीं किया। आखिरकार निगम ने कार्रवाई करते हुए एजेंसी की 30 लाख रुपए की जमानत राशि जब्त कर ठेका समाप्त कर दिया। अब निगम ने बचे हुए काम के लिए नए सिरे से टेंडर जारी किए हैं।

सरवटे-गंगवाल सड़क के गौतमपुरा, कंबल वाली गली और मच्छी बाजार क्षेत्र में कई जगह सड़क का काम बाकी है। निगम की योजना गौतमपुरा से कंबल वाली गली होते हुए पंढरीनाथ चौराहे तक सड़क को करीब 60 फीट चौड़ा करने की है। इसके लिए सड़क की जद में आ रहे बाधक निर्माण हटाना जरूरी है। निगम अधिकारियों के मुताबिक सड़क के बचे हुए हिस्से में निर्माण के साथ कई अन्य काम भी किए जाने हैं। इसके लिए पूर्व में दूसरे शहर की एजेंसी को ठेका दिया गया था। काम शुरू करने के लिए एजेंसी को चार बार नोटिस दिए गए, लेकिन इसके बावजूद मौके पर काम शुरू नहीं हुआ। लगातार निर्देशों के बाद भी एजेंसी की उदासीनता को देखते हुए निगम ने 30 लाख रुपए की राशि जब्त कर एजेंसी को बाहर कर दिया। निगम अधिकारियों का कहना है कि सड़क के बचे हुए काम को अब नए सिरे से कराया जाएगा। इसके लिए करीब 9 करोड़ रुपए के टेंडर की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं गौतमपुरा से पंढरीनाथ चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण के लिए बाधक निर्माण हटाना भी जरूरी है।

निगम और निर्माण एजेंसी की सुस्ती

सरवटे-गंगवाल सड़क का प्रोजेक्ट शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के बड़े दावों में शामिल रहा है, लेकिन 12 साल बाद भी इसके कई हिस्से अधूरे हैं। सड़क निर्माण, बाधक निर्माण और एजेंसियों की सुस्ती के बीच शहरवासियों का इंतजार लंबा होता जा रहा है।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

031775
Total Users : 31775

Related Articles