इंदौर। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 की पुनर्परीक्षा आगामी 21 जून को इंदौर जिले में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार जिले में कुल 57 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 23 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।
जिला कलेक्टर शिवम वर्मा ने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता एवं शुचिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में बाधा पहुंचाने, नकल कराने या अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विद्यार्थियों के लिए विशेष बस सुविधा
परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने विशेष परिवहन व्यवस्था की है। शहर की सार्वजनिक परिवहन सेवा के माध्यम से अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा, जिससे दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को सुविधा मिल सके। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले केंद्रों पर पहुंचने की भी अपील की है।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान
परीक्षा के दौरान सभी 57 केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। वहीं शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस को अलग से रूट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए जाएंगे, जबकि उड़नदस्ते लगातार निरीक्षण कर परीक्षा प्रक्रिया पर नजर रखेंगे। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
स्वास्थ्य सुविधाओं के भी किए गए इंतजाम
परीक्षा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी केंद्रों पर चिकित्सा कर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक पांच परीक्षा केंद्रों के समूह पर एक एम्बुलेंस उपलब्ध रहेगी। दिव्यांग विद्यार्थियों की सुविधा के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था भी की गई है।
बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में परीक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए केंद्रों पर पर्याप्त क्षमता के जनरेटर लगाए जाएंगे। गर्मी को देखते हुए केंद्रों के बाहर अभिभावकों के लिए छायादार टेंट और ठंडे पेयजल की व्यवस्था भी प्रशासन द्वारा की जाएगी।
अफवाहों से बचने की अपील
जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट और भ्रामक जानकारियों से दूर रहने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए केवल अधिकृत स्रोतों पर ही भरोसा किया जाए।
कलेक्ट्रेट में बनाया गया कंट्रोल रूम
परीक्षा संबंधी शिकायतों, सूचनाओं और समन्वय के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में केंद्रीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यह कंट्रोल रूम कक्ष क्रमांक-109 में संचालित होगा। परीक्षा दिवस पर यहां से सभी केंद्रों की गतिविधियों की निगरानी की जाएगी और किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला प्रशासन का दावा है कि NEET (UG) 2026 की पुनर्परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं, ताकि विद्यार्थियों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष परीक्षा वातावरण मिल सके।





Total Users : 21194
Leave a comment