Home ताज़ा ख़बर इंदौर में नगर निगम की प्लेट लगे ट्रैक्टर को नशे में चला रहा चालक पकड़ा गया, फुटपाथ पर ही सो गया
ताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरपुलिस विभाग

इंदौर में नगर निगम की प्लेट लगे ट्रैक्टर को नशे में चला रहा चालक पकड़ा गया, फुटपाथ पर ही सो गया

इंदौर में एक बार फिर यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। शहर के व्यस्त नवलखा चौराहे पर नगर निगम की प्लेट लगे एक ट्रैक्टर को कथित रूप से नशे की हालत में चला रहे चालक को यातायात पुलिस ने रोका। चालक की हालत ऐसी थी कि उसे खुद का भी होश नहीं था और ट्रैक्टर से उतरते ही वह फुटपाथ पर जाकर सो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर चालक नवलखा चौराहे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। ट्रैक्टर सड़क पर झूलते हुए आगे बढ़ रहा था, जिससे आसपास चल रहे वाहन चालकों और राहगीरों में दहशत का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद यातायात विभाग के पुलिसकर्मी ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैक्टर को रुकवाया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर पर नगर निगम की प्लेट लगी हुई थी, जबकि उस पर लिखे वाहन नंबर भी संदिग्ध और गलत नजर आए। ट्रैक्टर में चालक के अलावा दो अन्य व्यक्ति भी बैठे हुए थे। पुलिस जब चालक को नीचे उतारकर पूछताछ करने लगी तो वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था और कुछ देर बाद फुटपाथ पर ही लेट गया।

घटना के दौरान चौराहे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने सवाल उठाए कि अगर चौराहों पर यातायात पुलिस मौजूद नहीं रहे तो ऐसे नशे में वाहन चलाने वालों पर कौन कार्रवाई करेगा। नागरिकों ने इस तरह के भारी वाहनों की नियमित जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। यातायात विभाग ने ट्रैक्टर को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए भंवरकुआं थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि ट्रैक्टर नगर निगम से संबंधित है या किसी अन्य व्यक्ति द्वारा फर्जी तरीके से निगम की प्लेट लगाई गई थी। साथ ही वाहन नंबरों की भी जांच की जा रही है।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

017319
Total Users : 17319

Related Articles