Home ताज़ा ख़बर इंदौर में प्रेम विवाह बना खतरा: पिता पर मंत्री का PSO बनकर धमकाने का आरोप
ताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरपुलिस विभाग

इंदौर में प्रेम विवाह बना खतरा: पिता पर मंत्री का PSO बनकर धमकाने का आरोप

नवदंपत्ति ने मांगी पुलिस सुरक्षा, पुलिस कमिश्नर ने दिए जांच के निर्देश

इंदौर में अंतरजातीय प्रेम विवाह करने वाले एक नवदंपत्ति को परिवारिक विरोध के साथ-साथ लगातार धमकियों का सामना करना पड़ रहा है। मामला तब और गंभीर हो गया जब युवक ने अपने ही पिता पर मंत्री का पीएसओ बनकर पुलिस पर दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओबीसी वर्ग के युवक दीपक वर्मा ने एससी वर्ग की युवती मोनिका आर्य से प्रेम विवाह किया है। इस शादी से नाराज युवक के परिवार ने विरोध शुरू कर दिया। पीड़ित दीपक का आरोप है कि उनके पिता ने इस विवाह को स्वीकार नहीं किया और युवती के परिवार के साथ मारपीट तक की।

दीपक वर्मा ने पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह की जनसुनवाई में पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके पिता ने चंदन नगर थाने में उनके खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज करवा दी है, ताकि उन्हें और उनके ससुराल पक्ष को परेशान किया जा सके। पीड़ित का यह भी आरोप है कि उसके पिता ने खुद को एक मंत्री का पीएसओ बताते हुए पुलिस पर राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश की। साथ ही, प्रभावशाली लोगों के नाम लेकर मामले को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। दीपक के मुताबिक, उनके पिता ने 20 लाख रुपये खर्च कर मामले को अपने पक्ष में करने की धमकी भी दी है। नवदंपत्ति ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है और पूरे मामले में निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई है।

वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने जांच का आश्वासन दिया है। एसीपी शिवेंदु जोशी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो पूरे मामले की पड़ताल कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस सभी आरोपों की जांच में जुटी है और दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है। मामले की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

017324
Total Users : 17324

Related Articles