इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में रेलवे क्रॉसिंग के पास 11 फरवरी की सुबह मिले 45 वर्षीय युवक के रक्तरंजित शव के मामले में पुलिस ने तीन दिनों के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। युवक की हत्या लूट के इरादे से की गई थी। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया सामान और वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है।


दरअसल यह मामला इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र का है, जहां 11 फरवरी की सुबह रेलवे क्रॉसिंग के पास एक 45 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतक की पहचान खोजीराम राम पिता लखन लाल नारंगी, निवासी लक्ष्मीबाई नगर और मूल निवासी छत्तीसगढ़ के रूप में हुई। मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी ने बताया कि युवक की हत्या बेहद जघन्य तरीके से की गई थी। उसके शरीर पर धारदार हथियार से 18 से अधिक वार किए गए थे। पुलिस ने इस हत्याकांड को चिन्हित प्रकरण में दर्ज कर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। वही एसीपी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने लगातार जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से तीन दिनों के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने लूट की नीयत से खोजीराम से मोबाइल, पर्स और नकदी छीनी थी। विरोध करने पर पहले मारपीट की गई और जब मृतक ने पुलिस में शिकायत करने की चेतावनी दी तो गुस्से में आकर आरोपियों ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल सिम, पर्स, दोपहिया वाहन और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ की जा रही है।




Total Users : 9677
Leave a comment