पचमढ़ी सबसे ठंडा, 20 से ज्यादा जिलों में घना कोहरा, इंदौर-भोपाल में सुबह 10 बजे तक नहीं निकली धूप
भोपाल | ओले और बारिश का दौर थमने के बाद मध्य प्रदेश में सर्दी और घने कोहरे का असर बढ़ गया है। गुरुवार सुबह प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कोहरा छाया रहा। कई जिलों में सुबह 10 बजे तक धूप नहीं निकली। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत 20 से ज्यादा जिलों में मध्यम से घना कोहरा दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ और विजिबिलिटी कम रही।
मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर और दतिया में सबसे घना कोहरा रहा। रात के तापमान में भी गिरावट आई है। प्रदेश का एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अगले 3 दिन ऐसारहेगा मौसम
30 जनवरी- प्रदेश के उत्तरी हिस्से में कोहरा छा सकता है। बारिश का अलर्ट नहीं है। दिन-रात में ठंड का असर बढ़ सकता है। 31 जनवरी- ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़ और शाजापुर में भी कोहरा छा सकता है। 1 फरवरी- भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, देवास, हरदा, सीहोर, नर्मदापुरम, रायसेन, विदिशा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, सागर, नरसिंहपुर, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, पन्ना, कटनी, सतना, मैहर और रीवा में भी कोहरा छा सकता है।
इंदौर में चल रहीं सर्द हवाएं
इंदौर में आज भले ही कोहरे का असर बहुत कम नजर आया, लेकिन मौसम काफी ठंडा बना हुआ है। सुबह से ही तेज सर्द हवाएं चल रही हैं, जिससे ठिठुरन बढ़ गई है। ठंडी हवाओं के कारण लोग गर्म कपड़ों में लिपटे दिखाई दिए और सुबह-शाम घर से बाहर निकलने में परेशानी महसूस की गई। मौसम में आई इस ठंडक का असर जनजीवन पर भी साफ दिखाई दे रहा है। सर्द हवाओं के चलते बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम रही।
ग्वालियर में बारिश के बाद बढ़ी ठंड
ग्वालियर में दो दिन से हुई बारिश के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। शीत लहर के असर से ठंडक बढ़ गई है और शहर रात भर घने कोहरे की चादर में लिपटा रहा। सुबह के समय दृश्यता कम होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले समय में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण रात के तापमान में करीब 1.2 डिग्री सेल्सियस का अंतर दर्ज किया गया है। मौसम में आए इस बदलाव से ठंड और बढ़ने के आसार जताए जा रहे हैं।





Total Users : 9741
Leave a comment