इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र में पैसों के लेनदेन को लेकर एक व्यापारी को जान से मारने और किडनी बेचने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाले दुर्गेश नामक व्यापारी ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उसका विशाल पांडा नामक व्यक्ति से करीब 7 लाख रुपये का लेनदेन था। दुर्गेश का आरोप है कि विशाल को उसे 7 लाख रुपये लौटाने थे, लेकिन वह रकम का इंतजाम नहीं कर पा रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। पीड़ित का कहना है कि पैसे की मांग करने पर विशाल ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने कथित तौर पर किडनी बेचकर पैसा वसूलने जैसी धमकी भी दी, जिससे व्यापारी दहशत में आ गया। इसके बाद उसने थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। मामले में एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने शनिवार दोपहर करीब एक बजे जानकारी देते हुए बताया कि दुर्गेश की शिकायत पर आरोपी विशाल पांडा के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश और लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच में जुटी है।



Total Users : 9666
Leave a comment