Home एक्टिव नगर निगम इन्दौर पेचवर्क एवं डामरीकरण कार्य युद्ध स्तर पर जारी
नगर निगम इन्दौर

पेचवर्क एवं डामरीकरण कार्य युद्ध स्तर पर जारी

इन्दौर! आशीष शिन्दे 9644630000

आयुक्त द्वारा रात्रि में भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की जा रही है मॉनिटरिंग

गुणवत्तापूर्ण सड़कों के लिए निगम की 6 टीम लगातार कर रही है कार्य

रॉ मैटेरियल के तापमान, वेट, बीटुमन कंटेंट एवं सीव एनालिटिक का किया जा रहा है परीक्षण

कार्यस्थल पर लगातार मटेरियल की की जा रही है जांच

इंदौर, दिनांक 16 अक्टूबर 2025। वर्षाकाल के दौरान शहर की सड़कों पर हुए नुकसान की त्वरित मरम्मत कर नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयुक्त श्री दिलीप कुमार यादव के निर्देशन में नगर निगम इंदौर द्वारा शहरभर में पेचवर्क एवं डामरीकरण कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।

आयुक्त श्री यादव द्वारा प्रतिदिन प्रातःकालीन निरीक्षण के साथ-साथ देर रात्रि में समस्त अपर आयुक्तों, झोनल अधिकारियों एवं संबंधित इंजीनियरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यों की समीक्षा एवं मॉनिटरिंग की जा रही है। आयुक्त का स्पष्ट निर्देश है कि प्रत्येक कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए ताकि नागरिकों को आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

आयुक्त के निर्देशानुसार निगम की 6 विशेष टीमों द्वारा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों, आवासीय क्षेत्रों एवं मुख्य चौराहों पर पेचवर्क एवं डामरीकरण का कार्य निरंतर किया जा रहा है। इन कार्यों की सतत निगरानी हेतु अधिकारियों को रात्रिकालीन निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु निगम अधिकारियों द्वारा डामरीकरण एवं पेचवर्क कार्य में संलग्न एजेंसियों के प्लांट पर जाकर रॉ मटेरियल की गुणवत्ता, तापमान एवं वेट की जांच की जा रही है। इसके साथ ही बीटुमन कंटेंट एवं सीव एनालिटिक परीक्षण भी प्लांट पर ही किया जा रहा है ताकि कार्य स्थल पर उपयोग हो रहे मटेरियल की गुणवत्ता बनी रहे।

आयुक्त श्री यादव ने कहा कि इंदौर शहर की सड़कें नागरिकों की सुविधा और सुगम यातायात का महत्वपूर्ण आधार हैं। हमारा लक्ष्य है कि प्रत्येक मार्ग पर गुणवत्तापूर्ण डामरीकरण हो, ताकि बरसात के बाद भी सड़कें मजबूत एवं टिकाऊ रहें। इसके लिए निगम की टीमें दिन-रात कार्य कर रही हैं और मेरे द्वारा भी कार्य की मॉनिटरिंग की जा रही है।”

आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक क्षेत्र से दैनिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी एवं कार्यों का साइट पर निरीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाएगा।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

009681
Total Users : 9681

Related Articles