इन्दौर! आशीष शिन्दे 9644630000
दीपावली पर्व उपरांत शहर में सड़क निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को गति प्रदान करने के उद्देश्य से आयुक्त श्री दिलीप कुमार यादव द्वारा आज शहर की विभिन्न निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण किया गया। आयुक्त श्री यादव द्वारा एम.आर. 4 (राजकुमार ब्रिज से बाणगंगा ब्रिज तक) तथा आर.डब्ल्यू. 1 (बाणगंगा ब्रिज से आई.एस.बी.टी. तक) निर्माणाधीन मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त श्री यादव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़कों के बीच में बनाए जा रहे डिवाइडर पर ऐसा प्लांटेशन किया जाए जिससे मार्ग की सुंदरता और हरियाली दोनों में वृद्धि हो। उन्होंने कहा कि लगाए जाने वाले पौधों का चयन सोच-समझकर किया जाए ताकि उनका रखरखाव सरल रहे और शहर की सौंदर्यता की दृष्टि से आकर्षक छवि हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार का पौधारोपण करने से पूर्व उसकी स्वीकृति (अप्रूवल) अनिवार्य रूप से प्राप्त की जाए।
इसके साथ ही आयुक्त ने सड़क किनारे बनाए जा रहे फुटपाथों पर लगाए जा रहे ब्लॉकों की गुणवत्ता (Durability) पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने निर्देश दिए कि ब्लॉकों की डिजाइन में आवश्यक परिवर्तन कर उनकी मजबूती और दीर्घकालिक उपयोगिता सुनिश्चित की जाए ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधा मिल सके।
आयुक्त श्री यादव द्वारा शहर की अन्य महत्वपूर्ण सड़कों जैसे एम.आर. 10 से एम.आर. 12 तक, किला मैदान से जिंसी तक, इंदौर वायर फैक्ट्री से सुभाष मार्ग तक तथा एयरपोर्ट से छोटा बांगड़दा होते हुए एम.आर. 5 तक सदर बाजार से गुटकेश्वर मंदिर तक कनेक्टिविटी रोड का भी निरीक्षण किया गया यहां पर नए निर्माण होने पर उन्हें रोड की चौड़ाई तथा रोड में आने वाली बाधा के संबंध में नागरिकों को जानकारी देने के निर्देश दिए गए तथा बनने वाली सड़कों के संबंध में भी विस्तृत समीक्षा की गई और रोड का निरीक्षण भी किया गया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समय-सीमा और सौंदर्य तीनों पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि इन मार्गों को शहर की पहचान के रूप में विकसित किया जा सके।






Total Users : 9681
Leave a comment